
होशंगाबाद. हॉकी लेकर जब होशंगाबाद के विवेक सागर टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic) में भारत के लिए खेलने उतरेंगे तो प्रत्येक नर्मदापुरम और प्रदेशवासी गौरवान्वित हो उठेगा। होशंगाबाद के ग्राम चांदोन के रहने वाले विवेक सागर टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympic) में भारतीय हॉकी टीम (Indian hockey team) का प्रतिनिधित्व करने जा रहें है। खेलों के महाकुंभ ओलंपिक के लिए चयनित हो विवेक ने होशंगाबाद जिले एवं प्रदेश को विश्व में गौरवान्वित किया है। विवेक की इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बधाई दी है और अपनी प्रतिभा से प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत एवं खेल के प्रति के जुनून से विवेक ने इटारसी के छोटे से ग्राम चांदोन से टोक्यो तक का सफर तय किया हैं। इटारसी के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ग्राउंड से हॉकी खलेने की शरुआत करने वाले विवेक नित्य नई- नई उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश पुरुष हॉकी एकेडमी के खिलाड़ी रह चुके विवेक फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, यूथ ओलम्पिक, चैम्पियन्स ट्रॉफी, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स और आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज जैसी- अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि विवेक भारतीय हॉकी टीम के साथ 17 जुलाई को भारत से टोक्यो के लिए रवाना होंगे। भारत का पहला मैच 24 जुलाई होगा। ज्ञात हो कि जापान के टोक्यो शहर में ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई 2021 से 08 अगस्त 2021 तक किया जाना है।
कई उपलब्धियां अपने नाम दर्ज करवा चुके हैं विवेक
विवेक हॉकी की राष्ट्रीय टीम में मिडफील्डर के रूप में खेलते हैं। विवेक सागर इंडियन जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। यूथ ओलंपिक गेम 5 ए साइड टूर्नामेंट में भारतीय दल के कप्तान के रूप में सिल्वर मेडल, चैंपियंस ट्रॉफी नीदरलैंड में सिल्वर मेडल, एशियन गेम्स 2018 जकार्ता में ब्रॉन्ज मेडल आदि अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। विवेक को एफआईएच राइजिंग स्टार अवॉर्ड 2019 एवं मध्यप्रदेश शासन के द्वारा एकलव्य अवार्ड 2018 से भी नवाजा जा चुका हैं।
