Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
लखनऊ . करामत हुसैन मुस्लिम गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, लखनऊ (Karamat Husain Muslim Girls (P.G.) College Lucknow) में आज कबीर मंजरी कल्चरल क्लब द्वारा ‘क्षितिज’ के अंतर्गत दो दिवसीय 13 एवं 14. अक्तूबर को अंतर्महाविद्यालयी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ संपन्न हुईं, जिसमें कला, संगीत एवं संस्कृति का अपूर्व संगम देखने को मिला। संपूर्ण कार्यक्रम कॉलेज के मैनेजर सैयद नावेद अहमद साहब एवं प्राचार्या प्रो. हुमा ख़्वाजा के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता के प्रथम दिन बैतबाज़ी, मेंहदी, रंगोली, केश-सज्जा, टर्नकोट एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
दूसरे दिन का कार्यक्रम एस.आर.अली ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आरंभ दुआ से हुआ। अतिथिगण को पुष्प एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। ग़ज़ल गायन, एकल नृत्य, लोकगीत एवं फ़ैशन शो प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सनतकदा की संस्थापक सुश्री माधवी कुकरेजा ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व-विकास, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं। उन्होंने क़िस्सागोई के विषय में छात्राओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी और इसे मंच पर प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने बेगम एजाज़ रसूल और शिक्षा जगत एवं साहित्य के प्रति योगदान करने वाली हस्तियों और अवध की समृद्ध धरोहर की चर्चा भी की। कॉलेज की प्राचार्या प्रो. हुमा ख़्वाजा ने सभी के प्रति आभार ज्ञापन किया और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ छात्राओं की प्रतिभा को अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करती हैं एवं उनके बहुमुखी विकास में सहायक होती हैं।
प्रतियोगिताओं में ख़्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय,ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, महिला विद्यालय डिग्री कॉलेज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस पी.जी. कॉलेज, नवयुग गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, श्री गुरु नानक गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, शिया पी.जी. कॉलेज, मुमताज़ पी.जी. कॉलेज, खुनखुनजी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, अमीरुद्दौला इस्लामिया पी.जी. कॉलेज, श्री जय नारायण मिश्र पी.जी. कॉलेज, सरदार भगत सिंह कॉलेजछ एवं करामत हुसैन मुस्लिम गर्ल्स पी.जी. कॉलेज सहित विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में दो दिनों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। बैतबाज़ी प्रतियोगिता में तंज़ीम ख़ान-सिदरा लुकमान-उम्मे ऐमन-तसनीम ख़ान, ज़ैनब ग़ज़ाली-हया फ़ातिमा- निकहत बानो-अर्शिया खातून एवं ख़ुशनुमा अंसारी-आसिया फ़ातिमा- सादिया शकूर, मेंहदी प्रतियोगिता में सलमा ख़ान, ऐमन, एवं अंजलि मौर्या, रंगोली प्रतियोगिता में अंजली पाण्डेय-अलीशा, इल्मा-रीना एवं प्रिया साहू- विशाखा राज, केश- सज्जा में तूबा इश्तियाक, ख़ुशी पासवान एवं कशिश गुप्ता, टर्न कोट प्रतियोगिता में युम्ना इमरान, मुमताज़ बानो एवं वैभवी श्रीवास्तव, पोस्टर प्रतियोगिता में फरहीन ज़हरा रिज़वी, सोनम गौतम एवं सारा सिद्दीकी, एकल नृत्य प्रतियोगिता में लक्ष्मी शर्मा, वैष्णवी थापा एवं गुन्नी गुप्ता, लोकगीत प्रतियोगिता में अक्सा फ़ातिमा-नंदिनी- चाँदनी-माही मिश्रा-शिवानी देवी, कसक सिंह- पल्लवी सिंह-ज़ोया-अल्नाज़- सृष्टि एवं मुस्कान मिश्रा-दर्शना-ख़ुशी मेहरोत्रा-सिया सिंह-अंशिका सिंह, ग़ज़ल प्रतियोगिता में ज़ैनब रुख़सार, मुस्कान मिश्रा एवं सिमरन कौर तथा फ़ैशन शो में सजफ़ा ख़ातून-सृष्टि सिन्हा, आराधना-शगुन एवं उत्कृष्टा श्रीवास्तव-अंशिका गौतम ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
संपूर्ण कार्यक्रम सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष प्रो. तस्नीम क़ौसर चिश्ती एवं समिति की अन्य शिक्षिकाओं के सहयोग से संपन्न हुआ। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
