लखनऊ . शशि भूषण बालिका महाविद्यालय डिग्री कॉलेज लखनऊ द्वारा 7 अक्तूबर 2026 को “महिलाओं के कानूनी अधिकार और कार्यक्षेत्र”विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य वक्ता डॉ वहीद आलम, विधि संकाय शिया पी जी कॉलेज लखनऊ तथा प्राचार्या प्रोफेसर चंदना बोस द्वारा सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

मुख्य अतिथि डॉक्टर वहीद आलम ने महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों का विस्तार से विवेचन किया तथा उनके कार्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अनेक नवीन अधिकारों की तथा हिंदू और मुस्लिम विधि के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के अधिकार जो महिलाओं को प्राप्त है उनकी जानकारी भी दी। बाल विवाह, दहेज एक्ट,पाश एक्ट, साइबर क्राइम, घरेलू हिंसा आदि अनेक अधिनियमों की भी विस्तृत जानकारी दी। प्रबंधक श्री पंकज भट्टाचार्य ने महिलाओं से अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आवाहन किया। प्राचार्या प्रोफेसर बोस ने महिलाओं को समाज का सशक्त स्तंभ बताते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने पर बल दिया।

प्रोफेसर आरती कनौजिया ने छात्राओं को साइबर क्राइम से होने वाली हानियों को बताया तथा साइबर क्राइम एक्ट के बारे में जानकारी दी। डॉ रागिनी श्रीवास्तव ने घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी अधिकारों की जानकारी साझा की। प्रोफेसर ऋचा मिश्रा ने पाॅश एक्ट के विषय में छात्राओं को जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर रंजीता राय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉक्टर सुमन कुशवाहा ने किया। संगोष्ठी में प्रोफेसर अंजुम इस्लाम, प्रोफेसर ऋचा मिश्रा डॉक्टर सौरभ मिश्रा, डॉ शैलजा, डॉ हर्षा सनवाल, श्रीमती नीतू शुक्ला सहित सभी शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

