- 61 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, प्रथम-द्वितीय स्थान प्राप्त विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग
लखनऊ । उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 की लखनऊ मंडल स्तरीय प्रतियोगिता रविवार को उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, नया हैदराबाद में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों से चयनित 61 प्रतिभागियों ने चार प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रतियोगिता के सूत्रधार डॉ. जगदानन्द झा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में संस्कृत सामान्य ज्ञान (बाल वर्ग), श्लोकान्त्याक्षरी, संस्कृत गीत तथा संस्कृत सामान्य ज्ञान (युवा वर्ग) प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में चंद्रकांत द्विवेदी जी एवं डॉ लीना मिश्र जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

संस्कृत सामान्य ज्ञान (बाल वर्ग) में अग्रिमा शुक्ला प्रथम, आयुषी सिंह द्वितीय तथा भाव्या गुर्जर तृतीय रहीं। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में इल्मा खान ने प्रथम, विकास कुमार ने द्वितीय तथा प्रतीक्षा राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संस्कृत सामान्य ज्ञान (युवा वर्ग) में सत्य प्रकाश तिवारी प्रथम, अभिषेक तिवारी द्वितीय तथा अनामिका शर्मा तृतीय रहीं। वहीं श्लोकान्त्याक्षरी प्रतियोगिता में अक्षत मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बाल वर्ग सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में डॉ. विपिन झा, श्री मयंक तिवारी एवं डॉ. शालिनी, श्लोकान्त्याक्षरी में डॉ. ऋषिकेश वाजपेयी, डॉ. मुदिता एवं डॉ. शिवानन्द मिश्रा, संस्कृत गीत में डॉ. मुदिता, डॉ. राजेश द्विवेदी एवं डॉ. शिवानन्द मिश्रा तथा युवा वर्ग सामान्य ज्ञान में सुश्री महक, डॉ. विपिन झा एवं डॉ. अनिल वर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनपद संयोजिका डॉ. सरिता श्रीवास्तव एवं लखनऊ मंडल संयोजिका मन्तशा जहाँ का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी प्रतिभा को उपयुक्त मंच प्रदान करना रहा।
