लखनऊ . आज उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (पाण्डेय गुट) के अधिकृत तीनों प्रत्याशियों ने शिक्षक विधान परिषद चुनाव हेतु अपना नामांकन दाखिल किया। जिसमें वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह पटेल, लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रदेश महामंत्री आशीष कुमार सिंह और गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पंकज कुमार सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

लखनऊ में प्रदेश स्थित कार्यालय चौलक्खी, कैसरबाग में अधिकृत प्रत्याशी आशीष कुमार सिंह के नामांकन से पूर्व सातों जनपदों के शिक्षकों की एक जनसभा हुई, जिसका संचालन प्रदेश संयुक्त मंत्री मिथिलेश कुमार पाण्डेय ने किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि अधिकृत युवा प्रत्याशी ने पूरे 6 साल तक शिक्षकों के लिए संघर्ष किया है, अब आपकी जिम्मेदारी है। शिक्षक अपने विवेक से नीर-क्षीर कर निर्णय लेकर अपनी प्रथम वरीयता का मत देकर विधान परिषद में पहुंचाएं ।

संरक्षक एवं पूर्व उपाध्यक्ष श्री सुरेश कुमार मित्तल ने कहा कि अगर अब नहीं संभले तो सारी परिलब्धियां शून्य हो जाएंगी। भगवान शंकर त्रिवेदी ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन में बढ़ते हुए राजनीतिक दलो का दखलंदाजी को दुर्भाग्य पूर्ण बताते संगठन के प्रत्याशी को अपना अमूल्य मत प्रदान कर विधान परिषद में पहुंचाए जाने की मार्मिक अपील की। प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षक समाज दलगत भावनाओं से ऊपर उठकर शिक्षा और शिक्षक-शिक्षार्थी के हित में मतदान करें।

नामांकन के अवसर पर सातों जनपदों से आए हुए जिलाध्यक्ष/जिलामंत्रियों सहित सैकड़ों शिक्षकों का विशाल समूह अपने प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाते हुए कमिश्नर ऑफिस तक गया और वहां संगठन के प्रत्याशी आशीष कुमार सिंह ने ससमय नामांकन दाखिल किया। यह जानकारी संगठन प्रवक्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है

