नई दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (DUTA) ने आज मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य) का दौरा कर प्राचार्य और संकाय सदस्यों (Faculty) के साथ परिसर में शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर एक अत्यंत गहन और महत्वपूर्ण बैठक की। हाल ही में फैकल्टी की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताओं पर चर्चा करते हुए DUTA ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष कड़े शब्दों में अपना रुख स्पष्ट किया। संघ ने साफ किया कि शिक्षकों की सुरक्षा, सम्मान और भयमुक्त माहौल से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का तुरंत पुनर्मूल्यांकन कर कड़े उपाय लागू किए जाएं।

DUTA ने कॉलेज प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और किसी भी प्रकार की चूक या अभद्रता के जिम्मेदार तत्वों पर अविलंब कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। यदि प्रशासन ने इस दिशा में तुरंत ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो DUTA शिक्षकों के अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा के लिए सड़क से लेकर हर मंच तक कड़ा विरोध और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। यह जानकारी डॉ भूपेंद्र सिंह उपाध्यक्ष दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने दी है .
