लखनऊ। नगराम क्षेत्र स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली ( Jawahar Lal Nehru Inter College bahrouli Lucknow ) में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

भाषण प्रतियोगिता कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के मध्य आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने देश के प्रति अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9B की छात्रा तहसील बानो ने प्रथम स्थान, कक्षा 9A की छात्रा नंदिनी ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा 12 के छात्र शिवम वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर चित्र उकेरे। पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 8A की छात्रा अंकिता ने प्रथम स्थान, कक्षा 6B के छात्र विनय कुमार ने द्वितीय स्थान और कक्षा 6B के ही छात्र अर्चित ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षण सामग्री व प्रमाण पत्र पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास का संचार होता है। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

