- स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. गोयल ने नरसिंहपुर, आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय श्री सिंह ने भोपाल और संचालक राज्य शिक्षा केंद्र श्री हरजिंदर सिंह राजगढ़ जिले के विभिन्न स्कूलों का किया औचक निरीक्षण
भोपाल. मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल ने नरसिंहपुर जिले के चावर पाठा विकासखंड, आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने भोपाल के बैरसिया विकासखंड एवं संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र हरजिंदर सिंह ने राजगढ जिले के विभिन्न स्कूलों एवं छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. संजय गोयल, नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड के शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल ग्राम इमझिरा, ग्राम डोभी के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक सांदीपनि विद्यालय, ग्राम बिलगुवा के शासकीय हाईस्कूल, पीपरपानी गांव के शासकीय हाईस्कूल और ग्राम जुझारी की शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचे। यहां पर विद्यार्थियों से संवाद कर शालाओं की व्यवस्थाओं जानी। इस दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुकूल वातावरण और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दौरान सचिव डॉ. संजय गोयल ने शासकीय प्राथमिक शाला जुझारी की शिक्षिका सुश्री आकांक्षा राजौरिया के शैक्षिक प्रयासों की सराहना की और प्रशंसा पत्र देने के निर्देश िदए। उन्होंने साइकिलों, पाठ्यपुस्तकों, ICT लैब, शिक्षण सहयोगी सामग्री जादुई पिटारा आदि की उपलब्धता, गुणवत्ता और उपयोगिता के संबंध में शिक्षकों के सुझाव भी लिए। शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा सचिव को बताया की समय पर साइकिलों के वितरण से विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि हुई है। मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान (FLN) की किताबों को तीन भागों में बांटकर वितरण करने से शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में सहायता मिली है।
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने भोपाल जिले के बैरसिया विकासखंड स्थित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ग्राम सोहाया एवं शासकीय सान्दीपनि विद्यालय, बैरसिया पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उनकी शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन-अध्यापन एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षण कार्य की स्थिति एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली।
आयुक्त सिंह ने विद्यालय की कक्षाओं का अवलोकन करने के साथ ही विद्यार्थियों को स्वयं अध्यापन भी कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को विषयवस्तु को समझने के साथ नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता एवं रुचि को ध्यान में रखते हुए प्रभावी एवं रोचक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग किया जाए। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र हरजिंदर सिंह ने राजगढ़ जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया। नरसिंहगढ़ के संदीपनी विद्यालय, नेताजी सुभाषचंद बोस बालक छात्रावास तथा ग्राम बांडी के प्राथमिक विद्यालय, राजगढ स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) के भ्रमण उपरांत जिला प्रौढ़ शिक्षा कार्यालय में जाकर उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की। संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र श्री सिंह विद्यार्थियों के साथ कतार में बैठकर मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए। इस दौरान संचालक श्री सिंह ने विद्यार्थियों से चर्चा कर विद्यालयों की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्कताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा रही है।
यह भी पढ़ें
