देहरादून. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ( यूकेएसएसएससी ) ने जूनियर असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर ग्रेड-1 और पर्सनल असिस्टेंट की 23 अगस्त को होने वाली लिखित परीक्षा स्थगित कर दी है। आयोग ने परीक्षा टलने की वजह दूसरी परीक्षा और भारी बारिश का अलर्ट बताया है। नई तिथियाँ जल्द जारी होगी।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने14 अगस्त 2026 को जारी नोटिस में इसकी जानकारी दी। विज्ञापन संख्या 78/2026 के तहत यह परीक्षा पहले 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित थी। अब इस तारीख पर परीक्षा नहीं होगी। आयोग ने परीक्षा स्थगित करने के पीछे दो प्रमुख वजहें बताई हैं: 23 अगस्त को प्रवक्ता (रसायन शास्त्र) की लिखित परीक्षा भी होनी है। मौसम विभाग ने परीक्षा की तारीख और उससे पहले के दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आयोग के मुताबिक आयोग को कई अभ्यर्थियों की ओर से प्रत्यावेदन मिले थे। अभ्यर्थियों ने दोनों परीक्षाओं की तारीख एक होने के कारण होने वाली परेशानी को लेकर अपनी बात रखी थी। इसके अलावा भारी बारिश के अलर्ट को भी ध्यान में रखा गया। इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने 23 अगस्त की परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया।
