बिलासपुर , 10 जून , विज्ञान के निरंतर विकास के बावजूद आज भी मानव रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं हो पाया है। रक्त केवल मानव शरीर में ही बनता है और एक व्यक्ति ही दूसरे व्यक्ति को जीवनदायी रक्त प्रदान कर सकता है। वर्तमान में शहर के विभिन्न ब्लड बैंकों में रक्त की कमी बनी हुई है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों के उपचार में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं।
गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, गंभीर दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों तथा बड़ी सर्जरी से गुजरने वाले मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। यदि हम गंभीरता से विचार करें तो इनमें से कोई भी हमारे परिवार का सदस्य हो सकता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दे।
इन्हीं मानवीय भावनाओं को केंद्र में रखते हुए विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार, 14 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक लायंस क्लब भवन, सीएमडी कॉलेज चौक, बिलासपुर में एक वृहद निःशुल्क रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन पूर्णतः सेवा एवं मानवता के उद्देश्य से किया जा रहा है तथा इसमें एकता ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहेगा।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सेवा-स्मृति चिह्न, प्रमाण-पत्र एवं एक वर्ष तक वैध एक यूनिट ब्लड एक्सचेंज सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस महाअभियान में शहर की 25 से अधिक प्रमुख संस्थाएँ सहभागिता कर रही हैं, जिनमें एरीना एनीमेशन, पिनाकल डिज़ाइन अकादमी, ऑल इंडिया पंजाब नैशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, विश्व हिन्दू परिषद–बजरंग दल, लायन्स क्लब, BNI, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स, सराफा एसोसिएशन, NSS, NCC, सीएमडी कॉलेज, विनायक नेत्रालय, श्री चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, CAIT, हिंदू दैनंदिनी न्यास सहित अनेक सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाएँ शामिल हैं।
एरीना एनीमेशन में आयोजित तैयारी बैठक में आयोजन को अंतिम रूप देते हुए संदीप गुप्ता, ललित अग्रवाल, मंजीत सिंह अरोरा, अरविंद दीक्षित, डॉ. एस.के. गिडवानी एवं विशाल मनकानी ने संयुक्त रूप से बताया कि यह सेवा यज्ञ समाज में मानवता, सहयोग और जीवन रक्षा के मूल्यों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
अधिक जानकारी एवं अग्रिम पंजीयन हेतु ललित अग्रवाल से
मोबाइल न 9425532810 पर संपर्क किया जा सकता हैं।
