लखनऊ, 14 मार्च, उत्तर प्रदेश में एसआई परीक्षा के पहले दिन आज 14 मार्च 2026 एक सवाल ने सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर रखा है। परीक्षा के एक प्रश्न के उत्तर में एक जाति विशेष को शामिल कर दिया गया है। परीक्षा में पूछे गए इस प्रश्न में ’ अवसर के अनुसार बदलने वाला’ इस वाक्यांश के लिए एक शब्द का चयन करना था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे। इसमें चार विकल्पों में पहला है सदाचारी, दूसरा पंडित, तीसरा अवसरवादी और चौथा निष्कपट। तीन विकल्प तो किसी व्यक्ति के गुण या अवगुण के होते हैं लेकिन एक विकल्प एक जाति से जुड़ा हुआ था।
Wrong question in SI exam : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए इस विवादित प्रश्न और उसके विकल्पों को लेकर पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ( Brajesh Pathak ) ने स्पष्ट किया है कि सरकार ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया है।
विवाद बढ़ता देख प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पाठक ( Brajesh Pathak ) ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि परीक्षा में किसी भी ऐसे प्रश्न या विकल्प का होना स्वीकार्य नहीं है, जिससे किसी समाज, जाति या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुँचती हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।
शासन ने इस पूरे प्रकरण की तत्काल जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। ब्रजेश पाठक ने आश्वासन दिया है कि इस त्रुटि के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
