·
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने CJP और वाम पंथी पार्टियों के प्रदर्शन और बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “अब ये देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाना चाहते हैं। उनकी इस सियासी साजिश को देश कभी सफल नहीं होने देगा। लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं।”
दरअसल, कुछ वामपंथी नेताओं ने बांग्लादेश का जिक्र करते हुए कहा था कि वहां से सत्ता बदलने का रास्ता सीखने को मिला, जबकि प्रशांत भूषण ने सत्ता परिवर्तन यानी ‘रेजीम चेंज’ की बात कही थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 16 अक्तूबर को एक्स पर लिखा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं। बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का स्वप्न देखने वाली शक्तियां युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल के स्थान पर अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं।
चुनाव सुधार का मुखौटा, न्याय का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र जन-विश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है, जिसे षड्यंत्रों के अंधड़ हिला नहीं सकते।
हमारी युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं।
