लखनऊ , 07 मई , विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान अवध प्रांत के प्रतिनिधि मंडल ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल जी से भेंट की। इस दौरान राज्यपाल को विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा के संदर्भ में लिखी गई 21 पुस्तकें भेंट की गई तथा उच्च शिक्षा संबंधी सांगठनिक विषयों पर महोदया का मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।

इसके साथ ही प्रो जय शंकर प्रसाद पांडेय के संपादन तथा डॉ सुभाष मिश्र एवं डॉ मंजुल त्रिवेदी के सह संपादन में लिखित पुस्तक भी महोदया को भेंट की गई। माननीय राज्यपाल महोदया द्वारा प्रांत सचिव डॉ मंजुल त्रिवेदी जी की नवीनतम पुस्तक “महान शिक्षाविद” का विमोचन भी किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन संबंधी विभिन्न पहलुओं, भारतीय भाषाओं में शिक्षा के प्रोत्साहन तथा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा छह फोकस विषयों पर विभिन्न विश्वविद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने आदि के संदर्भ में विस्तृत चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के क्षेत्र संयोजक प्रो. जय शंकर पांडेय के नेतृत्व में अवध प्रांत के अध्यक्ष डॉ सुभाष मिश्र , सचिव डॉ मंजुल त्रिवेदी , कोषाध्यक्ष डॉ सशक्त सिंह , उपाध्यक्ष प्रो सुनीता कुमार एवं सह-सचिव डॉ ऐश्वर्या सिंह सम्मिलित हुई।

