लखनऊ , 07 मई , उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ( एकजुट ) ( रजि० संख्या 405/1956-57 ) ने शिक्षा निदेशक (मा०) को पत्र भेज कर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों द्वारा फार्म-16 प्रदान करने के नाम परअवैध वसूली होने का आरोप लगाते हुए इसे बंद किए जाने की मांग की है . इस संबन्ध में पत्र भेज कर कहा है कि आपके आदेश देने के बाद भी यह वसूली हो रही है .
संगठन के महामंत्री राजीव यादव की ओर से भेजे गए पत्र में निदेशक से कहा गया है कि वे अपने कार्यालय के पत्र, पत्रांकः सामान्य (1) द्वितीय / 5216-5416 /2023-24 दिनांक 13/03/2024 का संदर्भ ग्रहण करने का कष्ट करें. इस पत्र के द्वारा समस्त जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया गया था कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों / कर्मचारियों को फार्म-16 निशुल्क उपलब्ध कराया जाय। फार्म-16 निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए वित्त नियंत्रक (मा०) द्वारा अपने पत्रांक- अर्थ (2) मा० / 162-461/2025-26 दिनांक- 30/07/2025 द्वारा सभी 75 जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को प्रति जनपद रु 1,00,000/- (एक लाख) के बजट का धनाबंटन किया गया था।
महामंत्री राजीव यादव ने पत्र में लिखा है कि फार्म-16 निशुल्क उपलब्ध कराने हेतु बजट जारी होने के बावजूद सभी जनपदों में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों द्वारा प्रति शिक्षक / कर्मचारी रु 300 से रु 600 की मनमानी अवैध वसूली की जा रही है. जिससे विभाग एवं सरकार की छवि खराब हो रही है एवं शिक्षक / कर्मचारी आर्थिक शोषण के शिकार हो रहे हैं।
इस पत्र में निवेदन किया गया है कि फार्म 16 के नाम पर शिक्षकों/ कर्मचारियों से हो रही अवैद्य वसूली पर रोक लगाने एवं निशुल्क फार्म-16 उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का कष्ट करें. अन्यथा इस भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठन सड़क पर उतरने को विवश होगा। यह जानकारी राजीव यादव महामंत्री की और से भेजा गया है .
