,लखनऊ, 18 मई , उत्तर प्रदेश में एक और नई प्राइवेट यूनिवर्सिटी खुलने जा रही है . राज्य सरकार ने हरी झंडी दे दी है . यह यूनिवर्सिटी मीरजापुर के चुनार क्षेत्र में खोली जाएगी और इसका नाम सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी होगा. आज योगी सरकार की केबिनेट मीटिंग में मंजूरी दे दी गयी है .उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि वाराणसी के एपेक्स वेलफेयर ट्रस्ट अब मेडिकल के बाद उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रवेश कर रहा है .
उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित निजी विश्वविद्यालय को राज्य सरकार से पत्र जारी करने की अनुमति मिल गयी और ट्रस्ट ने मिर्जापुर के चुनार तहसील क्षेत्र 50 एकड़ जमीन भी ले ली है . उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालयों को गुणवत्तापरक बनाए जाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आजादी से लेकर 2017 तक मात्र 14 राजकीय विश्वविद्यालय थे लेकिन 2017 के बाद अब तक आठ नए विश्वविद्यालय खोले जा चुके हैं .
इसी प्रकार लंबे समय तक निजी विश्वविद्यालय की संख्या 29 पर ही स्थित थी लेकिन अब यह बढ़कर 52 हो गई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और निर्देशन में उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है. विश्वविद्यालय में बेहतर पढ़ाई के इंतजाम किए गए हैं और सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
