- शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, राधा बनो एवं गुलदस्ता प्रतियोगिता में दिखी छात्राओं की प्रतिभा
सेमरताल। शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला सेमरताल में शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान के साथ अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राधा बनो एवं गुलदस्ता निर्माण प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया, वहीं श्रीकृष्ण-राधा की मनमोहक झांकी और नृत्य-गायन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण, तिलक एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम की संचालक कुमारी अनामिका साहू द्वारा उपस्थित शिक्षकगण एवं अतिथियों का श्रीफल एवं पेन भेंटकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक शांति तिर्की, शाला विकास समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार धीवर, शैक्षिक समन्वयक ओमप्रकाश वर्मा, प्रदीप कुमार मुखर्जी, अनिता बोरकर, क्रांति सिंगरौल एवं पद्मावती मरावी का विद्यार्थियों द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को गुरु के महत्व, अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके पश्चात ‘राधा बनो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने राधा के रूप में सुंदर एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं कलात्मक गुलदस्ते तैयार कर गुलदस्ता निर्माण प्रतियोगिता में रचनात्मक कार्य कर विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विद्यार्थियों के लिए राधा बनो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया एवं झांकी नृत्य गायन की शानदार प्रस्तुति दी गई सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया खीर पुड़ी एवं प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
