नगराम। क्षेत्र के बहरौली स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस ‘शिक्षक दिवस’ के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (बहरौली शाखा) के प्रबंधक ओ.पी. चौधरी ने प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा को बुके भेंट कर सम्मानित किया और सभी शिक्षकों का मुंह मीठा कराया। इसके उपरांत प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा एवं बैंक प्रबंधक ओ.पी. चौधरी ने संयुक्त रूप से शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं में इस दिन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं को गुब्बारों, झालरों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया। विद्यार्थियों द्वारा हस्तनिर्मित निमंत्रण पत्र देकर प्रधानाचार्य व शिक्षकों को आमंत्रित किया गया। प्रधानाचार्य ने प्रत्येक कक्षा का रिबन काटकर उद्घाटन किया, जिसके बाद तालियों की गड़गड़ाहट के बीच केक काटा गया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं शिक्षकों को समर्पित कई सुमधुर सांस्कृतिक गीत प्रस्तुत किए।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने कहा, “शिक्षक और माता-पिता ही समाज में ऐसे मार्गदर्शनकर्ता होते हैं, जो बच्चों को स्वयं से भी अधिक सफल देखकर सर्वाधिक प्रसन्न होते हैं। विद्यार्थियों की सफलता ही एक शिक्षक का सच्चा सम्मान है।”
बच्चों ने अपने कक्षाध्यापकों व विषय अध्यापकों को स्वनिर्मित कलाकृतियाँ व शुभकामना संदेश भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का सफल और मंच संचालन शिक्षक अमित कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
