लखनऊ , 22 अप्रेल , शशि भूषण बालिका डिग्री कॉलेज ( Shashi Bhushan Balika Vidyalaya Degree College) में आज इंटरकालेजिएट प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय ( Shashi Bhushan Balika Vidyalaya Degree College) की प्राचार्या प्रोफेसर अंजुम इस्लाम द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में प्राचार्या ने नारी सशक्तिकरण की महत्ता पर प्रकाश डाला और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों एवं उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं में मुख्य रूप से रंगोली प्रतियोगिता में राधिका ने प्रथम, साहिबा और अशरा ने द्वितीय तथा अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी प्रतियोगिता में सोनी सिंह प्रथम, मानुषा द्वितीय तथा कुमकुम ने तृतीय स्थान हासिल किया। पोस्टर मेकिंग में राधिका प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि अनुष्का ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में खुशी पाल ने प्रथम, अंजलि द्विवेदी और स्वालिहा अंसारी ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा शिखा सिंह ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘महिला सशक्तिकरण’ पर आधारित एक लघु नाटिका रही, जिसका मंचन छवि पांडे, इकरा, अंजलि, प्राची, राधिका, अर्चना, अनुष्का, स्वालिहा इत्यादि छात्राओं द्वारा किया गया।

नाटक के माध्यम से समाज में लड़कियों के प्रति आज भी विद्यमान संकुचित सोच को आईना दिखाया गया। साथ ही छात्राओं द्वारा नृत्य के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यदि लड़कियां दृढ़ संकल्प लें और स्वयं सशक्त बनें, तो वे न केवल अपनी रक्षा कर सकती हैं, बल्कि समाज को यह भी बता सकती हैं कि वे किसी से कम नहीं हैं। समन्वयक प्रो बिंदु के निर्देशन में समस्त प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर प्रो. मधु चौहान, कल्चरल क्लब की इंचार्ज डॉ. रागिनी श्रीवास्तव, डॉ. सौरभ मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंशुल सिंह एवं सांस्कृतिक क्लब के सदस्यों सहित महाविद्यालय ( Shashi Bhushan Balika Vidyalaya Degree College ) की अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। अन्य विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आईं विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रो. बिंदु द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें
