रांची . रांची वीमेंस कॉलेज (Ranchi Women’s College, Ranchi ) में तीन दिनों तक सजा ‘नवरंग 2026’ अपनी खूबसूरत स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ। 28 से 30 सितंबर तक पूरा परिसर प्रतिभा, उमंग, कला, संगीत, नृत्य, साहित्य और सृजनशीलता के रंगों से सराबोर रहा। कहीं नृत्य की थिरकन थी, कहीं सुरों की मिठास; कहीं रंगों ने कैनवास पर सपने उतारे, तो कहीं शब्दों ने विचारों को आवाज़ दी। थिएटर, वाद-विवाद, काव्य-पाठ, क्विज और ललित कला की प्रस्तुतियों ने छात्राओं की बहुआयामी प्रतिभा को जीवंत कर दिया।

समापन समारोह (Ranchi Women’s College, Ranchi ) में छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. सुदेश कुमार साहू, रांची विश्वविद्यालय के सीसीडीसी एवं कांस्टीट्यूट कॉलेजेस के निदेशक डॉ. शाहदेव तथा आर्ट एंड कल्चर विभाग के निदेशक डॉ. आनंद कुमार ठाकुर ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई। डॉ. शाहदेव ने हिंदी और नागपुरी गीत तथा डॉ. आनंद कुमार ठाकुर ने किशोर कुमार का गीत प्रस्तुत कर छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। प्राचार्या डॉ. विनीता सिंह ने छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे मंच आत्मविश्वास को उड़ान देते हैं।
डॉ. पूनम धान ने धन्यवाद ज्ञापन किया तथा आयोजन से जुड़े सदस्यों को सम्मानित किया। समापन कार्यक्रम में खूबसूरती से मंच संचालन राजनीति शास्त्र की छात्रा और राष्ट्रीय सेवा योजना की सक्रिय स्वयंसेवक आकांक्षा एवं स्नेहा ने किया।आयोजकों ने कहा नवरंग 2026 समाप्त हुआ है, लेकिन इसके रंग अभी बाकी हैं—हमारी स्मृतियों में, हमारी मुस्कानों में और हमारी छात्राओं के सपनों में!

