- लखनऊ में विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 209 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए
- रोजगार केवल जीविका का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का अवसर है: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह
लखनऊ . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर में आयोजित 20वें रोजगार मेले को संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले के तहत लखनऊ में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित कुल 209 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
लखनऊ में रोजगार मेले का आयोजन आयकर विभाग द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठानमें किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री कीर्ति वर्धन सिंह, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कीर्तिवर्धन सिंह ने नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी को केवल जीविका का साधन न समझें, बल्कि इसे देश की सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर मानें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं को ‘प्रधानमंत्री’ के बजाय ‘प्रधान सेवक’ के रूप में देश की सेवा के लिए समर्पित बताया है। इसी सेवा भावना के साथ नवनियुक्त युवाओं को भी अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने युवा शक्ति को केंद्र में रखते हुए ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलें शुरू की हैं। इन पहलों ने देश में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के नए द्वार खोले हैं।
कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत वर्ष 2015 से अब तक 1 करोड़ 64 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनके कौशल विकास को सशक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से मार्च 2026 तक 39 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस योजना के तहत छोटे उद्यमियों और व्यवसायों को बिना जमानत संस्थागत ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे देश में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत कीर्तिवर्धन सिंह ने लखनऊ आयोजन स्थल पर विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित 40 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। लखनऊ में आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से कुल 209 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

रोजगार मेले के तहत चयनित नवनियुक्त युवा आयकर विभाग, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। रोजगार मेला भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को सार्थक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए सशक्त बनाना है। इस पहल के अंतर्गत केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में चयनित नवनियुक्त कार्मिकों को देशभर में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रमों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाते हैं।
यह आयोजन केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के सामूहिक प्रयासों का भी प्रतीक है। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, मानव पूंजी को सशक्त बनाने तथा नागरिकों को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण जनसेवाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें
