

- पितृपक्ष में होगा शहीदों का तर्पण
- सुमंगलम सेवा साधना संस्थान के सचिव एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक साधक राजकुमार ने बताया कि पिछले बीस वर्ष से निरंतर आयोजित हो रहे शहीद पितरों के तर्पण अनुष्ठान के 21वें वर्ष को इस बार व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा एक स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी।
लखनऊ 06 सितम्बर। राष्ट्रभक्ति जागृति अभियान के अंतर्गत पितृपक्ष अमावस्या को “शहीद पितृश्रद्धा नमन” के माध्यम से शहीदों के भाव तर्पण का अनुष्ठान देश भर में विभिन्न स्थानों पर आयोजित होगा। हजरतगंज स्थित मालवीय ग्रंथालय में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने तैयारी बैठक कर ‘शहीद पितृश्रद्धा नमन’ आयोजन की रुपरेखा बनाई। बैठक की अध्यक्षता विश्व पुरोहित परिषद के अध्यक्ष आचार्य डॉ. विपिन पांडेय ने की।
सुमंगलम सेवा साधना संस्थान के सचिव एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक साधक राजकुमार ने बताया कि पिछले बीस वर्ष से निरंतर आयोजित हो रहे शहीद पितरों के तर्पण अनुष्ठान के 21वें वर्ष को इस बार व्यापक स्वरूप दिया जाएगा तथा एक स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी। मुख्य आयोजन लखनऊ के शहीद स्मारक पर 21 सितम्बर को होगा जिसमें ज्ञात अज्ञात शहीदों को तर्पण कर भावांजलि अर्पित की जाएगी।
कर्त्तव्य फाउंडेशन के महासचिव डॉ. हरनाम सिंह ने आह्वान किया कि पितृपक्ष में अपने पितरों के साथ ही अंजुलि भर जल शहीदों को भी अर्पित करें। लोक संस्कृति शोध संस्थान और पद्मश्री वचनेश स्मृति संस्थान के प्रतिनिधि डॉ. एस.के.गोपाल ने कहा कि देश के लिए आत्माहुति देने वाले क्रान्तिवीरों को पितर मानते हुए उनका तर्पण किया जाना राष्ट्र की सुख, शान्ति और समृद्धि में सहायक होगा। बैठक में जयति भारत के महामंत्री विक्रान्त रघुवंशी, एडवोकेट जुगुल किशोर पाण्डेय, शिव सिंह, राकेश गुप्ता, अयोध्या के मोहित मिश्र सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह जानकारी डॉ हरनाम सिंह महासचिव कर्तव्या फाउंडेशन की और से दी गई है .
trending video
