गोरखपुर , 13 मार्च, वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय कंपियरगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ प्राचार्य प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा ने विद्या की देवी सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र की सेवा की एक सुनियोजित व्यवस्था है जिससे विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण और आत्मानुशासन की भावना विकसित होती है। विशेष शिविर के आयोजन से विद्यार्थियों में नैतिकता बोध और समाज सेवा की अभिवृत्ति का विकास होता है।

कार्यक्रम अधिकारी किशोर नन्द ने शिविर हेतु सात दिनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन सात दिनों में मतदाता जागरूकता, स्वच्छता, जनभागीदारी और राष्ट्र सेवा के अनेक कार्य किए जायेंगे। नुक्कड़ नाटक, गीत, रैली आदि के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर संजना पासवान, आराधना, शिवांगी, पल्लवी आदि ने भाषण, गीत और लघुनाटिका के माध्यम से शिविरार्थियों में सेवा भावना का संचार किया।

कार्यक्रम के अंत में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर डॉ० शैलजा अस्थाना ने एनएसएस गीत का समूह गायन कराया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ० सुमित कुमार गुप्ता ने मंच संचालन किया। योगेन्द्र नाथ मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रो० जयप्रकाश वर्मा, प्रो० मनीष कन्नौजिया, डॉ० संजय गुप्त, संतोष कुमार, विकास कुमार सोनकर, जितेन्द्र कुमार चौरसिया, बृजेश पाण्डेय और अनेक छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।
