लखनऊ , 25 जुलाई , कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर, लखनऊ की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी द्वारा “याद करो कुर्बानी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने की, जबकि संयोजन एवं संचालन एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन मनोज कुमार पांडे तथा राइफलमैन सुनील जंग के चित्रों पर प्राचार्या, शिक्षिकाओं, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्राओं द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत कैडेट निधि वाजपेई एवं प्रीति कुमारी ने लखनऊ के वीर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडे तथा राइफलमैन सुनील जंग के साहसपूर्ण एवं प्रेरणादायी जीवन-वृत्त पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कैडेट निकिता सिंह, सिद्धि वर्मा, मुस्कान साहू, शुभी सिंह तथा अनन्या यादव ने देशभक्ति गीतों एवं ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से वीर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए छात्राओं को राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र का भविष्य है तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने युवाओं से शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि तभी वे विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल वीरों के अदम्य साहस और बलिदान का स्मरण करने का अवसर ही नहीं, बल्कि स्वयं से यह संकल्प लेने का भी दिवस है कि हम राष्ट्रहित, अनुशासन, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के उन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे, जिन्हें हमारे वीर सैनिकों ने अपने अद्वितीय पराक्रम से स्थापित किया है।
इस अवसर पर कैडेट सृष्टि नायक, दिव्यांशी वर्मा, खुशी निषाद, मुस्कान साहू, निधि वाजपेई, प्रिया तिवारी, निष्ठा, गरिमा, अर्पिता, शालिनी, रानी, नेहा, आंचल, सहरीन, माही, चांदनी, श्रुति, इला, आराधना, लक्ष्मी एवं वंदना सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय की शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।
Trending Video 1
