सहारनपुर , 22 जुलाई , उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने आज मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) के चौथे दीक्षांत समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया।
दीक्षांत समारोह में कुल 22,315 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं, जिनमें 7,582 छात्र एवं 14,733 छात्राएं शामिल हैं। समारोह के दौरान 700 आंगनबाड़ी किट वितरित की गईं, जिनमें सहारनपुर के लिए 300, मुजफ्फरनगर के लिए 200 तथा शामली के लिए 200 किट शामिल थीं। इसके साथ ही संबंधित जनपदों में कार्यरत पुलिस कर्मियों की बेटियों सहित 900 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण भी संपन्न कराया गया।
अपने उद्बोधन में राज्यपाल जी ने ने नशा मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि माई भारत पोर्टल के माध्यम से 16 जुलाई से व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान से जुड़ने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशे से सदैव दूर रहना चाहिए तथा घर-घर जाकर लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपने स्वास्थय का विशेष ध्यान रखने का आह्वान करते हुए नियमित योग, व्यायाम एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने समाज में स्वास्थय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टीबी मुक्त भारत अभियान, मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता अभियान तथा अन्य जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

राज्यपाल जी ने कहा कि भारत आज सेमीकंडक्टर व क्वांटम प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं एयरोस्पेस जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वदेशी तकनीक एवं अनुसंधान को प्रोत्साहित करने पर बल देते हुए कहा कि युवाओं को नवाचार एवं शोध के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने भारतीय एयरोस्पेस क्षेत्र की उपलब्धियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास किये जा रहे है जिसमे अभी-अभी कुछ युवाओं ने मिलकर अंतरिक्ष में अपना उपग्रह स्थापित किया है। जो निश्चिय ही हमारे लिए अनुकरणीय है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) भी शिक्षा, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है तथा विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने वाली गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।

कुलाधिपति जी ने विश्वविद्यालय ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) द्वारा संचालित सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की भी विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी प्रभावी निर्वहन किया है। विश्वविद्यालय ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) एवं मण्डल के तीनों जनपदों के जिला प्रशासन के सहयोग से 700 आंगनबाड़ी किटों का वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, रक्तदान शिविर, टीबी मुक्त भारत अभियान, नशामुक्त भारत अभियान, महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, मासिक धर्म कप वितरण, बाल गृह एवं कारागार शैक्षणिक भ्रमण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन जैसे अनेक कार्यक्रम समाज के प्रति विश्वविद्यालय की संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। माननीया ने पूरे प्रदेश में अब तक 67,643 आंगनबाडी किटों के वितरण का भी उल्लेख किया जो उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल देते हुए राज्यपाल ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण के लिए ड्रिप इरिगेशन जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। विश्वविद्यालय ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) में अध्ययनरत सभी विद्यार्थी एक पेड माँ के नाम अवश्य लगाए एवं उन्हंे संरक्षित करने का संकल्प भी ले।

विद्यार्थियों से कुलाधिपति महोदया ने यह भी अपेक्षा की कि वे स्वावलम्बी बनें एवं किसी भी प्रकार से माता-पिता की उपेक्षा न करें। आप सभी के प्रयास से देश मेे चल रहे वृद्धाश्रम बंद हो जाएँगे। अपने संबोधन के अंत में राज्यपाल महोदया ने ’’जीवन भर सीखते रहो’’ का मंत्र भी विद्यार्थियों को दिया। यदि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे, समाज सेवा की भावना से कार्य करे तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं नवाचार के क्षेत्रों में सक्रिय योगदान दे, तो विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य शीघ्र ही साकार किया जा सकेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ( Maa Shakumbhari University | Saharanpur ) द्वारा गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही दीक्षोत्सव की दिग्दर्शिका, भाषण संकलन एवं चयनित पेंटिंग्स के संकलन का विमोचन भी किया गया।
