Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
- 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया भाग; 125 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भगवान को लगाया गया भोग
भिलाई। हरे कृष्ण मंदिर, भिलाई ( Hare Krishna Temple, Bhilai ) द्वारा कार्तिक दीपोत्सव के अंतर्गत भव्य गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा वृंदावनवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत उठाने की दिव्य लीला की स्मृति में मनाया जाता है।
इस अवसर पर हरे कृष्ण मंदिर, भिलाई के अध्यक्ष श्री व्योमपाद दास ने गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की आध्यात्मिक महत्ता बताते हुए कहा कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने देखा कि वृंदावनवासी इंद्र यज्ञ की तैयारी कर रहे हैं, तब उन्होंने उन्हें इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा करने का सुझाव दिया। इससे क्रोधित होकर देवराज इंद्र ने वृंदावन में मूसलाधार वर्षा कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बाईं हथेली की सबसे छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को छत्र के समान धारण कर लिया और सात दिनों तक समस्त वृंदावनवासियों को आश्रय प्रदान किया। अंततः देवराज इंद्र को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा याचना की। इस लीला के माध्यम से भगवान ने यह संदेश दिया कि जो भक्त पूर्ण रूप से भगवान की शरण में रहता है और उनकी भक्ति में संलग्न रहता है, उसकी रक्षा स्वयं भगवान करते हैं तथा उसे भौतिक लाभों के लिए देवताओं की पूजा करने की आवश्यकता नहीं होती।
यह दिव्य प्रसंग गोवर्धन लीला के नाम से प्रसिद्ध है, जिसका वर्णन श्रीमद्भागवतम् के दशम स्कंध में मिलता है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपना ही स्वरूप बताया है और उसे अपने समान पूजनीय घोषित किया है। इसी दिव्य लीला की स्मृति में हरे कृष्ण मंदिर, भिलाई द्वारा प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का गुणगान करते हुए मधुर भक्तिमय भजनों के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री श्री राधा कृष्णचंद्र की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने संकीर्तन करते हुए भगवान के पवित्र नामों का सामूहिक कीर्तन किया। पालकी यात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक एवं भक्तिमय रहा।
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण केक एवं अन्य खाद्य सामग्रियों से निर्मित गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति रही। भगवान श्री श्री राधा कृष्णचंद्र को 125 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात भगवान एवं गोवर्धन पर्वत की महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पर्वत की महिमा का वर्णन करने वाले आठ श्लोकों के स्तोत्र श्री गोवर्धनाष्टकम् का सामूहिक गान किया।
भगवान श्रीकृष्ण को गोपाल अर्थात गौओं का रक्षक भी कहा जाता है। इसी भाव के साथ महोत्सव में गो-पूजा का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर गौमाताओं को रेशमी वस्त्रों से सुंदर ढंग से सजाया गया तथा उन्हें पारंपरिक रूप से गुड़ एवं केले अर्पित किए गए। इसके पश्चात गौमाताओं को आगे रखकर श्रद्धालुओं ने गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की।
महोत्सव के अंत में भगवान को अर्पित समस्त व्यंजनों को महाप्रसाद के रूप में उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर कार्तिक मास के उपलक्ष्य में भगवान की भव्य दीपोत्सव आरती भी संपन्न हुई। पूरे कार्तिक मास में मनाया जा रहा | यह दीपोत्सव महोत्सव 24 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। यह जानकारी व्योमपाद दास अध्यक्ष हरे कृष्ण मंदिर, भिलाई ने दी है |

