लखनऊ, 24 मार्च। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा मंगलवार को “जीएसटी एवं केंद्रीय बजट 2026–27” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. कौशिकी सिंह के अनुसार प्रतियोगिता में एम.कॉम द्वितीय वर्ष के आकाश दुबे एवं यश वर्मा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मनीष गुप्ता और प्रियांशु द्वितीय, अनुज कुमार पाल एवं इशिका यादव तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. राशी कृष्णा सिन्हा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को जीएसटी की उपयोगिता को सरल शब्दों में समझाते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की ज्ञानवृद्धि के साथ-साथ उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता को भी विकसित करते हैं।

इसके पश्चात प्रो. संजीव गुप्ता ने समसामयिक आर्थिक विषयों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया और जीएसटी तथा केंद्रीय बजट के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं डॉ. विजय वर्मा ने अपने वक्तव्य में केंद्रीय बजट के सामाजिक प्रभावों की विस्तृत चर्चा की।
संयोजिका डॉ. कौशिकी सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को बधाई दी गई तथा राष्ट्रगान के साथ आयोजन का समापन हुआ।
