अयोध्या , 27 जून , उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने शनिवार सायंकाल डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या ( Dr.Rammanohar Lohia Avadh University Ayodhya ) के नवीन परिसर में नवनिर्मित भव्य सरोवर का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने सरोवर का अवलोकन करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों को शिक्षा एवं अनुसंधान के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन की दिशा में भी अनुकरणीय पहल करनी चाहिए। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। विश्वविद्यालय ( Dr.Rammanohar Lohia Avadh University Ayodhya) के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Dr.Rammanohar Lohia Avadh University Ayodhya : कुलाधिपति जी ने परिसर में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने शैक्षणिक भवनों, आधारभूत सुविधाओं, सड़कों, हरित क्षेत्रों, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। अवलोकन के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा परिसर के समग्र विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें निरंतर गति देने की अपेक्षा भी व्यक्त की।
