मुख्य अतिथि सौम्या पाण्डेय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया .
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में कामना वर्मा ने प्रथम स्थान, नेहा कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा रूचि शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लखनऊ , 21 फरवरी , डी.ए.वी. डिग्री कॉलेज, लखनऊ (DAV PG Lucknow ) की आंतरिक शिकायत समिति (Internal Complaint Committee)और प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हैरासमेंट एक्ट(POSH ) के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 21 फरवरी 2026 को “Women Empowerment and Cyber Security” विषय पर एक दिवसीय कार्यशालाएवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन पं. भृगु दत्त तिवारी सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ की एसीपी सौम्या पाण्डेय तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात आंतरिक शिकायत समिति की संयोजिका प्रो. बिनीता यादव द्वारा मुख्य अतिथि का औपचारिक परिचय प्रस्तुत किया गया।

इसके उपरांत महाविद्यालय (DAV PG Lucknow ) के प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार त्रिपाठी ने अपने स्वागत भाषण में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं सकारात्मक उपयोग करने तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि सौम्या पाण्डेय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, फिशिंग एवं फेक प्रोफाइल के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने POSH अधिनियम (Prevention of Sexual Harassment Act) से जुड़े सभी नियमों एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों तथा शिकायत निवारण की प्रक्रिया के विषय में जागरूक किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड के निर्माण तथा व्यक्तिगत जानकारी को साझा करने में सावधानी बरतने के महत्व पर भी विशेष बल दिया।

इसके पश्चात महाविद्यालय (DAV PG Lucknow ) के प्रबंधक आनन्द मोहन तिवारी ने अपने उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा को वर्तमान समय की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें तथा समाज में भी साइबर जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर आयोजित स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में कामना वर्मा ने प्रथम स्थान, नेहा कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा रूचि शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। महाविद्यालय (DAV PG Lucknow ) परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ किया।
