
रायपुर/बिलासपुर. शासकीय शालाओं के शिक्षकों की अभिहीत अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए प्रशिक्षण का दौर चल रहा है और एक से ३० नवंबर तक निर्धारित मतदान केंद्रों में उपस्थित रहकर दावा-आपत्ति प्राप्त करने के लिए ड्यूटी लगा दी गई और कहीं लगाई जा रही है। बिलासपुर में शिक्षकों का २७ अक्टूबर को प्रशिक्षण भी हो चुका है और इन्हें एक नवंबर से अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर उपस्थित होना है।
इस आशय के निर्देश जारी कर संबंधित शिक्षकों को उपलब्ध भी करा दिए गए हैं लेकिन इससे सबसे अधिक परेशान प्रधानपाठक हैं। इनका कहना है कि शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में कम से कम माह शिक्षण कार्य प्रभावित जरूर होगा। प्रधानपाठकों का कहना है कि सरकार को यह जानकारी है कि कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और ऐसे अब अधिक व्यवस्थित ढंग से पढ़ाई कराने की जरूरत है लेकिन मतदान केंद्रों में ड्यूटी लग जाने से शिक्षक मतदान केंद्रों में व्यस्त हो जाएंगे।
