- जिला स्तरीय के लिए विद्यार्थी चयनित
बिल्हा. ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के 60 संकुलों से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया।
विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजन पीएम श्री सेजेस गर्ल्स स्कूल, सरकंडा में किया गया। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों—अमितेश तिवारी, रिमझिम ठाकुर, रूपाली श्रीवास, रागिनी मित्रा और अनुराधा सूर्यवंशी का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

प्रतियोगिता में अमितेश तिवारी (डीएवी स्कूल, बसंत बिहार) ने स्वच्छ भारत, सपनों का भारत विषय पर अपने विचार रखते हुए औद्योगिकीकरण और नगरीकरण को स्वच्छता के सामने बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के योगदान और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता से ही स्वच्छ एवं विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है।रिमझिम ठाकुर (एनएफबी स्पर्श विद्यालय, तिफरा) ने नया कश्मीर विषय पर प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने कश्मीर को भारत का गौरव बताते हुए अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद एक देश, एक विधान की अवधारणा का उल्लेख किया। साथ ही कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
रूपाली श्रीवास (एमएस देवरीखुर्द) ने महिला सशक्तिकरण विषय पर विचार व्यक्त करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी और उनके सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
रागिनी मित्रा (एमएस रहंगी) ने सेना का शौर्य विषय पर ओजस्वी वक्तव्य देते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र की सुरक्षा में उसके योगदान को रेखांकित किया। अनुराधा सूर्यवंशी (एमएस मोहतरा) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विषय पर आधुनिक डिजिटल क्रांति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता बताई। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और अनुसंधान के क्षेत्र में एआई की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके माध्यम से भविष्य में होने वाले बदलावों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दगौरी मंडल अध्यक्ष घनश्याम कौशिक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करती हैं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में 10 विद्यार्थियों का चयन
पंडित देवकीनंदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने ‘स्वच्छ भारत’, ‘विकसित भारत’, ‘मेरे सपनों का भारत’ तथा ’25 वर्ष पूर्व भारत की स्थिति’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन करते हुए रंगों के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य की सुंदर परिकल्पना कागज़ पर उकेरी।

विकासखंड के विभिन्न संकुलों से प्रथम स्थान प्राप्त कर पहुंचे विद्यार्थियों में से निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों—श्रद्धा सेन, इनाया बानो, गोपाल साहू, खुशी यादव, माही रात्री, ऐश्वर्या लक्ष्मी, प्रियांशी कुर्रे, लितिका नेताम, माया बाटवे एवं समृद्धि मिश्रा का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया है। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या श्रीमती कल्पना दुबे, नोडल अधिकारी श्रीमती दीप्ति गुप्ता और बीईओ श्री भूपेंद्र कौशिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करते हुए पुरस्कृत भी किया। आयोजन को सफल बनाने में विकासखंड संपूर्ण स्रोत संबंध में श्री देवी चंद्राकर, वासुदेव पांडे संकुल समंन्वयक गण एवं शिक्षक साथियों ने सराहनीय भूमिका निभाई।
