लखनऊ, 14 जुलाई , उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’’ के प्रस्तावित ढांचे की समीक्षा कर रही संयुक्त संसदीय समिति के साथ आज जन भवन, लखनऊ में संवाद एवं रात्रिभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
संवाद के दौरान राज्यपाल जी ने समिति के सदस्यों के साथ चुनावी व्यवस्था, चुनाव सुधार, महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, महिला आरक्षण, स्थानीय निकाय चुनावों तथा संगठन की भूमिका जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने इन विषयों पर अपने विचार साझा करते हुए समिति के सदस्यों से उनके दृष्टिकोण एवं प्रस्तावित व्यवस्था से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी प्राप्त की।

राज्यपाल जी ने उन परिस्थितियों पर चर्चा की, जिनमें किसी क्षेत्र में एक या दो वर्ष पूर्व ही चुनाव संपन्न हुए हों। उन्होंने इस संबंध में यह प्रश्न उठाया कि यदि ‘‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’’ की व्यवस्था लागू होने के कारण ऐसे क्षेत्रों में पुनः चुनाव कराए जाते हैं, तो उम्मीदवारों पर पड़ने वाले अतिरिक्त आर्थिक भार और चुनावी व्यय के संबंध में क्या व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने इस विषय पर समिति के विचार भी जाने।
उन्होंने महिला आरक्षण के संदर्भ में भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें पर्याप्त अवसर, मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक सहयोग उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने चुनाव लड़ने की इच्छुक महिलाओं को किस प्रकार अधिक सक्षम एवं प्रोत्साहित किया जा सकता है, पर भी समिति के विचार जाने।

उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों के संदर्भ में चुनाव चिन्हों की महत्ता, विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं की दल के प्रति प्रतिबद्धता तथा राजनीतिक दलों को सुदृढ़ बनाने में संगठन की भूमिका पर भी समिति के विचार जाने व अपने अनुभवों को साझा किया।
राज्यपाल जी ने इस अवसर पर गुजरात के अपने अनुभवों को भी साझा किया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए समयानुकूल चुनाव सुधारों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर समिति के सभी सदस्यों ने जन भवन में आमंत्रित किए जाने के लिए राज्यपाल महोदया के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके मार्गदर्शन में जन भवन में किए गए नवाचारों, जनकल्याणकारी पहलों एवं अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

इस अवसर पर राज्यपाल महोदया ने जन भवन द्वारा प्रकाशित पुस्तकें “चुनौतियां मुझे पसंद हैं”, लोकहित के मुखर स्वर खण्ड-8, “वो हमेशा याद रहेंगे”, ‘‘हमारा राजभवन’’, “आंगनबाड़ी मेरी आत्मा है”, “टी.बी. मुक्त भारत अभियान में जन भवन”, “जन भवन बैंड”, “एक पेड़ मां के नाम: जन भवन साइकिल रैली यात्रा” तथा जन भवन की त्रैमासिक पत्रिका “उमंग” का संक्षिप्त परिचय देते हुए समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को स्मृति स्वरूप भेंट कीं।
संवाद कार्यक्रम के समापन पर जन भवन में आयोजित रात्रिभोज में संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों ने सहभागिता की।
