लखनऊ, 21 मई , उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने सभी शैक्षिक बोर्डों से मान्यता प्राप्त 12वीं कक्षा तक के विद्यालयों में 22 मई से ग्रीष्म अवकाश घोषित कर दिया है. आज जारी किए गए आदेश में जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा है कि भीषण गर्मी और मौसम के संभावित अनुमान को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है .
आदेश में कहा गया है कि प्रचंड गर्मी में भी अभी कई विद्यालयों में शिक्षण कार्य चल रहा है. इसलिए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए 22 मई से सभी शैक्षिक बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्म अवकाश घोषित किया जाता है. इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए गए हैं. उल्लेखनीय है की राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है और लू भी चल रही है. ऐसे में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए यह मौसम बहुत ही हानिकारक है. जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह राहत देने वाला निर्णय लिया है.
