लखनऊ, 21 मई , उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज उत्तर प्रदेश के दो विश्वविद्यालय में नए कुलपति नियुक्त किए हैं . इनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज के इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग के प्रो. एनके शुक्ला को जननायक चंद्रशेखर यूनिवर्सिटी, बलिया का कुलपति नियुक्त किया है। विश्वविद्यालय की कुलाधिपति और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रो. एनके शुक्ला के नियुक्त संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रो. एनके शुक्ला का इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एक लंबा जुड़ाव रहा है। वह वर्तमान में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कॉलेज विकास और अधिष्ठाता छात्र कल्याण जैसे महत्वमपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त वह इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार विभाग के अध्यक्ष भी हैं। प्रो. एनके शुक्ला लंबे समय तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव भी रहे हैं। उनकी नियुक्त से इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हर्ष का माहौल है।
कुलपति ने दी बधाई
ऐसे में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय को उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है। बलिया स्थित यह विश्वविद्यालय पूर्वांचल में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। नए कुलपति के सामने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, शोध गतिविधियों को गति देने, रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को मजबूत करने और प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने जैसी चुनौतियां होंगी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने प्रो. एनके शुक्ला को बधाई दी है।
इसी प्रकार मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) गोरखपुर को पहली बार महिला कुलपति मिली हैं। पंजाब विश्वविद्यालय की प्रो. अनुपमा कौशिक को तीन साल के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुपमा कौशिक वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में डीन एलुमनी रिलेशंस एवं प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। रासायनिक अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उनका लंबा शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव रहा है।
