लखनऊ , 01 मार्च लखनऊ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन Faculty of Engineering and Technology, University of Lucknow में उत्साहपूर्वक किया गया। यह शिविर अधिष्ठाता प्रो. एस.पी. सिंह के संरक्षण में संचालित हो रहा है।
षष्ठम दिवस – पोस्टर निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता
षष्ठम दिवस पर पोस्टर निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रमुख विषय थे –
• जल संचयन
• ट्रैफिक नियमों का पालन
• डिजिटल इंडिया
• “नेशन फर्स्ट” (राष्ट्र सर्वोपरि)
• मतदान का अधिकार
• पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास
• सामाजिक समानता

इन विषयों के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
सामाजिक समानता विषय पर स्वयंसेवकों ने जाति, लिंग, धर्म एवं आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर समान अवसर, समान अधिकार एवं भाईचारे का संदेश अपने पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि समता, न्याय एवं आपसी सम्मान ही एक सशक्त और विकसित समाज की नींव हैं।
इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता एवं इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खुशबू वर्मा ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक समानता की भावना को अपनाकर ही हम एक समावेशी एवं प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में जागरूकता फैलाने एवं समानता के मूल्यों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।

सप्तम दिवस – स्वच्छता अभियान एवं एकता गीत
सातवें दिवस की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। स्वयंसेवकों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से एकता गीत गाया, जिससे राष्ट्रप्रेम, एकजुटता एवं भाईचारे की भावना प्रकट हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर शिविर के सातों दिनों की गतिविधियों की सराहना की गई तथा समाजसेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया गया। इस प्रकार राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल एवं प्रेरणादायी समापन हुआ।
