प्राचार्य ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।
लखनऊ, 19 फरवरी . पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम, लखनऊ में 17 फरवरी 2026 को आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में छात्राओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) संपन्न हुआ। यह MoU महाविद्यालय एवं K4 Antique Parlour Training Center (MSME) के मध्य हस्ताक्षरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुषमा देवी ने की। MoU पर महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुषमा देवी तथा K4 Antique Parlour Training Center की ओर से प्रोप्राइटर प्रतिमा वर्मा द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता विशेष रूप से महाविद्यालय की छात्राओं के लिए किया गया है, जिसके अंतर्गत उन्हें ब्यूटी, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, उद्यमिता विकास, स्वरोजगार उन्मुख प्रशिक्षण तथा MSME से संबंधित प्रमाणपत्रीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को न केवल रोजगारपरक कौशल से सशक्त बनाना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर “विकसित भारत” के संकल्प में सहभागी बनाना भी है।
प्राचार्य ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। ऐसे समझौते छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान, उद्यमिता के अवसर तथा आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय सदैव छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
IQAC के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा अधिकाधिक छात्राएं इनका लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समस्त शिक्षकों एवं प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
