लखनऊ, 22 अप्रैल, : जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज, बहरौली, लखनऊ में आज ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ ( World Earth Day | CampusSamachar) के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम के अनुरूप छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा द्वारा वृक्षारोपण के साथ किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण बचाओ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
*इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “पृथ्वी केवल हमारा घर नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व का आधार है। जलवायु परिवर्तन के इस दौर में यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम कम से कम एक पौधा लगाएं और जल संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।”

प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा, स्काउट मास्टर अमित कुमार तथा कार्यक्रम के नोडल शिक्षक श्रीकांत, संजय सिंह के नेतृत्व में छात्राओं ने एक जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और प्रदूषण मुक्त पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। नोडल शिक्षक ने छात्रों को ‘ईको-फ्रेंडली’ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
