- छात्र-छात्राओं के लिए तीन वर्ग में होगी वन्यजीवों/पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रतियोगिताएं
- 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेश में मनाया जाएगा वन्यजीव सप्ताह
- इस अवधि में लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर आदि प्राणि उद्यान में 12 वर्ष तथा प्रतिभागी बच्चों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
- मास्क मेकिंग, छद्म आवरण व अनुकरण पर चित्रकला, वन्यजीव/पर्यावरण संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक, फैंसी ड्रेस, फेस पेटिंग, रंगोली, मेहंदी आदि प्रतियोगिताएं होंगी
लखनऊ . योगी सरकार के निर्देशन में वन विभाग 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेश में वन्यजीव सप्ताह (Wildlife Week 2026 ) मनाएगा। पूरे सप्ताह भर पर्यावरण संरक्षण/वन्यजीवों पर आधारित मास्क मेकिंग, छद्म आवरण व अनुकरण पर चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, फैंसी ड्रेस, फेस पेटिंग, रंगोली, मेहंदी आदि प्रतियोगिताएं भी होंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के बच्चे ‘वन्यजीव के संसार’ में अपने मनोभाव से रंग भरेंगे। इस अवधि में प्रतिभागी व 12 वर्ष तक के बच्चों का चिड़ियाघर में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना बरेली में ‘वाकथॉन फॉर वाइल्डलाइफ’ (Walkathon for Wildlife) के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और पशु कल्याण के प्रति जागरूक करना है।
मानव वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए प्रयत्नशील है सरकार
योगी सरकार मानव वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए निरंतर प्रयत्न कर रही है। वन्य जीवों के बढ़ते हमलों से बचाव को लेकर सरकार स्कूली बच्चों को भी जागरूक करेगी। इस निमित्त वन विभाग की ओर से प्रदेश भर में दो से आठ अक्टूबर तक ‘वन्य प्राणि सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एक तरफ जहां स्कूली छात्रों को जागरूक किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ राज्य पक्षी सारस, राज्य वन्य पशु बारहसिंघा, राष्ट्रीय जलीव जीव डॉल्फिन, सर्प आदि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए अनेक कार्यक्रम किए जाएंगे।
लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर आदि प्राणि उद्यान में विद्यार्थियों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रामकुमार ने बताया कि दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक चलने वाले वन्य प्राणि सप्ताह (Wildlife Week 2026 ) के अंतर्गत जनपद व तहसील स्तर पर विद्यालयों में वन्य प्राणि व उनके संरक्षण को लेकर अनेक कार्यक्रम होंगे। वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्कूली बच्चों की अनेक प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। योगी सरकार के निर्देश पर लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर आदि प्राणि उद्यान में 12 वर्ष तक के स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रवेश भी मिलेगा। बच्चों को स्कूली यूनिफॉर्म में परिचय पत्र के साथ आना होगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लखनऊ चिड़ियाघर में होगा शुभारंभ, अनेक प्रतियोगिताएं भी होंगी
नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के निदेशक संजय कुमार विश्वाल ने बताया कि दो अक्टूबर (Wildlife Week 2026 ) को सारस प्रेक्षागृह में वन्य प्राणि सप्ताह (Wildlife Week 2026 ) का शुभारंभ होगा। 3 अक्टूबर से कक्षा 6 से 8, कक्षा 9-10 व 11-12 (तीन वर्गों) में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी। 3 अक्टूबर को बारादरी प्राणि उद्यान में वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण (Wildlife Week 2026 ) पर आधारित मास्क मेकिंग प्रतियोगिता, डकपांड विजिटर शेड प्राणि उद्यान में वन्यजीवों के छद्म आवरण व अनुकरण पर चित्रकला होगी। 4 अक्टूबर को प्राणि उद्यान (Wildlife Week 2026 ) के बारादरी में ‘यदि वन्यजीव बोल पाते तो…’ विषयक नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता होगी। हर विद्यालय की टीम में 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। 5 अक्टूबर को सारस प्रेक्षागृह में वन्य जीव व पर्यावरण संरक्षण पर वाइल्ड लाइफ फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। 6 अक्टूबर को फेस पेंटिंग, 7 अक्टूबर को झूला पार्क में वन्यजीव व पर्यावरण संरक्षण पर रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को 8 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
