रुपईडीहा(बहराईच), 31 मार्च, जिले के श्री राम जानकी इंटर कॉलेज, रुपईडीहा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजीव कुमार श्रीवास्तव 44 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के पश्चात सेवानिवृत्त हो गए। अपने लंबे शिक्षण कार्यकाल में उन्होंने हजारों विद्यार्थियों को शिक्षित कर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राजीव श्रीवास्तव अपने सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और समर्पित शिक्षण शैली के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो उनके उत्कृष्ट शिक्षण का प्रमाण है।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय में आयोजित विदाई समारोह में प्रधानाचार्य हरीश चंद्र सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरीश चंद्र ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर उनके पुत्र शुभम श्रीवास्तव, जो देव संस्कृति ग्रामोदय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हैं, भी उपस्थित रहे और अपने पिता की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। अपने संबोधन में राजीव कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय परिवार, सहकर्मियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जीवन के इस नए चरण में समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की इच्छा व्यक्त की।
