- पाण्डेय गुट की मांग है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य के दौरान जान गवांने वाले कार्मिकों के परिवार को कम से कम दो करोड़ का मुआवजा तथा उनके आश्रितों को असाधारण पेंशन प्रदान की जाए तथा मकान गणना/जनगणना कार्य को जुलाई तक के लिए आगे बढ़ाया जाय।
लखनऊ , 28 मई , उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ( पाण्डेय गुट ) के पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष /संरक्षक विजय कुमार सिंह ने इस भीषण गर्मी और तपन (UP Weather heatwave ) में जनगणना कार्य कराये जाने पर शासन के आदेश पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए अपील की है कि जहां एक ओर शासन द्वारा जनता से यह अपील की जा रही है कि वह इस भीषण गर्मी में स्वयं को सुरक्षित रखें और यदि अपरिहार्य कारण ना हो तो घरों से बाहर न निकलें धूप और लू से बचने की कोशिश करें, तमाम कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की गुजारिश की जा रही है,
वरिष्ठ शिक्षक नेता विजय कुमार सिंह ने कहा कि इस जान लेवा गर्मी में तमाम परिषदीय शिक्षकों एवं अन्य विभाग के कर्मचारियों को मकान गणना/जनगणना के नाम पर डोर टू डोर इस गर्मी में घूम कर कार्य करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। जिसका परिणाम भी सामने आ रहा है तमाम शिक्षक कर्मचारी धूप और गर्मी में लू की चपेट में आ रहे हैं . भीषण गर्मी में चश्मा लगाने वाले व्यक्ति के चश्मे का लेंस पसीने से धुंधला हो जा रहा है और उन्हें देखने में भी दिक्कत हो रही है दुर्घटनाएं भी हो रही हैं . जिसका प्रत्यक्ष प्रमाण हरदोई जिले के बिलग्राम तहसील में जनगणना ड्यूटी में लगे शिक्षक श्री राम शरण वर्मा जी की सड़क दुर्घटना में हुई दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ा दायक है।
UP Heatwave : शिक्षक नेताओं ने कहा कि नि:संदेह जनगणना जैसा राष्ट्रीय कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है किंतु शासन के अधिकारी जो एसी कमरों में बैठकर ऐसी गाड़ियों से चलकर दफ्तर आते हैं उनका ध्यान धरातलीय पृष्ठभूमि की ओर आकृष्ट करते हुए 48 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान भीषण लू और गर्मी में काम करने वाले व्यक्तियों के व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहना है कि क्या यह योजना और कार्य का क्रियान्वयन जुलाई अगस्त जैसे थोड़े से नरम पड़े मौसम में नहीं किया जा सकता? यदि 2021 में होने वाली जनगणना को 2026 में 5 वर्ष तक विषम परिस्थितियों की वजह से टाला जा सकता है तो क्या एक माह और टालने की गुजारिश नहीं की जा सकती?
श्री सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करते हुए उनसे आग्रह किया है कि देश के संवैधानिक मूल अधिकार शिक्षा के नींव शिक्षक से सरकार खिलवाड़ क्यों कर रही है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ सरकार से मांग करती है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य के दौरान जान गवांने वाले कार्मिकों के परिवार को कम से कम दो करोड़ का मुआवजा तथा उनके आश्रितों को असाधारण पेंशन प्रदान की जाए तथा मकान गणना/जनगणना कार्य को जुलाई तक के लिए आगे बढ़ाया जाय। प्रदेश अध्यक्ष डॉ जितेंद्र सिंह पटेल , ओम प्रकाश त्रिपाठी संगठन प्रवक्ता, एवं महा मंत्री आशीष कुमार सिंह ने इस गंभीर मामले की ओर मुख्य मंत्री एवं मुख्य सचिव उ प्र का ध्यान आकृष्ट कर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।
