लखनऊ , 28 मार्च , उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधि मंडल कल दिनांक 29 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11.00 बजे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज से मिलेगा। जिसका नेतृत्व महासंघ के अध्यक्ष डॉ. संजय शुक्ला करेंगें।
महासंघ के पदाधिकारी योगी सरकार द्वारा महासंघ के अनुरोध पर प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापन मुख्यमंत्री जी को सौंपेंगे।
इस आशय की जानकारी देते हुए महासंघ के सह प्रवक्ता शिवानंद द्विवेदी ने बताया कि विगत 31 जनवरी 2026 को महासंघ के अध्यक्ष डाॅ0 संजय शुक्ला मुख्यमंत्री जी से मिलकर विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का अनुरोध किया था, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। मार्च के प्रथम सप्ताह में संपन्न कैबिनेट की बैठक में मंजूरी के बाद प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने का मार्ग प्रशस्त हो चुका है, इसके लिए महासंघ मुख्यमंत्री जी का सदैव आभारी रहेगा।
