CM, Yogi Adityanath
लखनऊ, 17 मई , उत्तर प्रदेश सरकार मंत्रिमंडल में शामिल हुए नए मंत्रियों को विभाग आवंटित कर दिए गए हैं. हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार में कैबिनेट मिनिस्टर बनाए गए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को खाद एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग दिया गया है . अजीत सिंह पाल राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के विभागीय मंत्री होंगे .
सोमेंद्र तोमर राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) को राजनीतिक पेंशन सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग दिया गया है . श्रीमती कृष्णा पासवान पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री होगी जबकि कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग का राज्य मंत्री बनाया गया है . सुरेंद्र सिंह दिलेर को राजस्व विभाग का राज्य मंत्री बनाया गया है और वाराणसी के हंसराज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग का राज्य मंत्री बनाया गया है . राज्य मंत्रियों को लेकर कई दिनों से विभाग बंटवारे को लेकर तरह-तरह के कयास चल रहे थे. आज विभागीय बंटवारा होने के बाद इन पर विराम लग गया है. अब सोमवार को योगी सरकार की कैबिनेट बैठक होगी .
माना जा रहा है कि विस्तार के बाद पहली बार हो रही इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे . फिलहाल भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों की नजरे सोमवार को होने वाली योगी सरकार की कैबिनेट मीटिंग पर टिकी हुई है.
यूपी में मंत्रियों को आवंटित विभाग
भूपेन्द्र चौधरी – सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम
मनोज पाण्डेय – खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति
अजीत सिंह पाल – खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
सोमेन्द्र तोमर – राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल
श्रीमती कृष्णा पासवान- पशुधन एवं दुग्ध विकास
कैलाश सिंह राजपूत – ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत
सुरेन्द्र दिलेर – राजस्व
हंस राज विश्वकर्मा – सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम
