
बाराबंकी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य व समाजवादी पार्टी नेता अनिल यादव ने अपने सहयोगियों के साथ बाराबंकी के ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक स्तर पर भ्रमण किया। जगह-जगह बैठकें की और कई जनसभाओं को सम्बोधित भी किया।
समाजवादी नेता अनिल यादव ने सबसे पहले बाराबंकी जिले के गौरवा में डॉ. दिनेश के क्षेत्र में जन सभा को सम्बोधित किया और कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में समाजवादी सरकार बनाने के लिये आप सभी भाइयों से यही कहना है कि आप सभी ने जिस तरह अपने क्षेत्र में लगकर कार्य किया है उसी तरह आगे भी कार्य करते रहें। उन्होंने जनसभा में हाथ उठवा कर समाजवादी पार्टी को जिताने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने खुशी जताई कि यहां पर लोगों की समाजवादी पार्टी के लिये उत्सुकता देखने लायक है। अपना सम्बोधन जारी रखते हुये सपा नेता ने कहा कि मौजूदा भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़कर फेंकने के लिये जनता की उत्सुकता दिखाई दे रही है।

बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न दलों के नेताओं के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि देखने से स्पष्ट हो रहा है कि समाजवादी पार्टी की तरफ अन्य पार्टियों के नेताओं और लोगों का रुझान बढ़ता ही जा रहा है, भाजपा या बसपा से आये दिन कोई न कोई नेता समाजवादी पार्टी में शामिल होता जा रहा है और समाजवादी पार्टी का पलड़ा और भारी होता दिख रहा है। इस अवसर पर उपस्थित समाजवादी नेता सुनील यादव शिवा ने सभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ बेंचू खाऊ नीति पर कार्य कर रही है क्योंकि इनको जो भी दिखाई देता है उसे बेंच देते हैं। सभा को कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
