
लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गांवों में व्यापक स्तर पर संपर्क करने में जुट गए हैं। समाजवादी नेता अनिल यादव के नेतृत्व में टीम राजधानी लखनऊ के विधानसभा मोहनलालगंज के ग्राम सभा धर्मखेड़ा पहुंची। यहां सपा नेता अनिल यादव ने एक सभा को संबोधित करते हुये समाजवादी सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को गिनाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सपा सरकार में किये गये विकास कायों को गिनाते हुये कहा कि सपा ने जिस तरह से प्रदेश में कार्य किया था उन विकास कार्यों का आज कोई सानी नहीं है क्योंकि किसानों के लिए, मजदूरों के लिए, गरीबों के लिए, दलितों के लिए, समाजवादी सरकार में सबके लिए कार्य किया गया था जो कि आज भी एक मिसाल बनी हुई है। किसानों के कर्ज माफ हुए, आपदा पीडि़त किसानों को राहत दी गई, किसानों को क्रेडिट कार्ड दिया गया, किसानों को दोबारा अनुदान भी दिया गया। प्रदेश में 50 जरूरी चीजों पर वैट माफ किया गया, 41000 पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई, जिससे कानून व्यवस्था को बल मिला, निशुल्क लैपटॉप, रसोइयों का मानदेय जैसी अभूतपूर्व योजनाएं सपा सरकार चलाकर धरातल पर उतारकर मिसाल कायम की जिसकी बराबरी आज योगी सरकार किसी कीमत पर नहीं कर पाई
मौके पर मौजूद डॉ. राम मनोहर लोहिया फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी शिवराम निषाद ने कहा कि भाजपा सरकार ने सिर्फ देश और प्रदेश की जनता को बरगलाने का काम किया है इनके द्वारा कोई कार्य प्रदेश और प्रदेश के लोगों के लिए नहीं किया गया।
बरसों से समाजवादी विचारधारा से जुड़े नेता सुनील यादव शिवा ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तंज कसा और कहा कि भाजपा सरकार के मंशा मे कोई नया कार्य करना है ही नहीं यह जुमलों वाली सरकार है। मौके पर मौजूद लोगों में विनोद, प्रिंस, सहज राम, जितेंद्र, अजय, अरविन्द, सिकन्दर, आकाश, रितिक, हेमन्द, हिमांशु सहित कई लोग मौजूद रहे।
