रायपुर, 26 जुलाई, छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कन्फेडरेशन के कार्यकारिणी समिति की बैठक परसदा के चिकारा देवरस फार्म हाउस कोटा रोड में सम्पन्न हुआ। इस बैठक में छत्तीसगढ़ कन्फेडरेशन से सम्बद्ध २६ वरिष्ठ नागरिक संगठनों के २५ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ जनों के कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई जिसमें कन्फेडरेशन के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश देवरस ने विशेष रूप से माता पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए भरण पोषण अधिनियम,२००७ पर जानकारी दी जिसमें उपेक्षित माता पिता वरिष्ठ नागरिकों को कन्फेडरेशन के माध्यम से आवश्यक मदद दिलाने का संकल्प लिया गया, इस बाबत् उपस्थित संगठनों के प्रतिनिधियों को अधिनियम के गजट नोटिफिकेशन की प्रतियां उपलब्ध कराई गई।

बैठक में मुंगेली से धनेश सोलंकी महासचिव ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण की विविध योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा बाल्कोनगर से श्री पी एल सोनी सचिव को शासन द्वारा पैरा लीगल वालेंटियर (पीएलव्ही) पद की जिम्मेदारी प्राप्त होने की शुभकामनाएं दी गई। आशा की गई कि अन्य संगठनों द्वारा भी पीएलव्ही पद की जिम्मेदारी शासन से प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाए ताकि विधिक मामलों में वरिष्ठ जनों को सहायता की जा सके। कन्फेडरेशन के नव नामांकित कोषाध्यक्ष हाजी जमील अहमद ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु संगठनों के क्षेत्र में कार्यरत कारपोरेट से कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के अन्तर्गत परियोजना तैयार कर आवश्यक लाभ प्राप्त करने का प्रयास करने की जानकारी दी तथा ऐसे परियोजनाओं की रुपरेखा समस्त संगठनों को उपलब्ध कराने व्यवस्था की जाएगी।
बैठक पश्चात् सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने सी व्ही रमन विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ प्रदीप कुमार घोष से सौजन्य भेंट की जहां एक संक्षिप्त बैठक हुई जिसमें कन्फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने छात्रों से अपने अनुभव शेयर करने एवं केरियर काउंसलिंग तथा मोटिवेशनल विषय पर इंटरफेस के लिए अपना सहयोग देने की मंशा जाहिर की। इस अवसर पर श्रीमती सत्यभामा अवस्थी कन्फेडरेशन के महिला विंग की सचिव द्वारा व्यवस्थित विश्वविद्यालय में संकलित छत्तीसगढ़ की लोक कला, साहित्य, संस्कृति ज्ञान चौरा का अवलोकन किया, अन्य केन्द्रों रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, भिलाई, कोरबा आदि से आए प्रतिनिधियों ने कार्यकारिणी की बैठक की व्यवस्था की प्रशंसा की। दुर्ग से पहुंचे कन्फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल चंद जैन ने कार्यकारिणी बैठक एवं विश्वविद्यालय में बैठक में उपस्थित संगठनों प्रतिनिधियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
