

- महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुषमा देवी ने गांधी जी और शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया।
- राष्ट्रीय सेवा योजना, मिशन शक्ति (फेज-5) और पंडित दीन दयाल उपाध्याय अवध सांस्कृतिक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता पर आधारित स्लोगन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
- NCC प्रभारी डॉ. नेहा जैन के नेतृत्व में राजाजीपुरम स्थित जय जगत पार्क में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत श्रमदान कर स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया। NCC और रेंजर्स की छात्राओं ने रैली निकाली. इस रैली का संचालन डॉ. नेहा जैन एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पांडे ने किया।
लखनऊ, 2 अक्तूबर 2025 पंडित दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय, राजाजीपुरम, लखनऊ ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girl’s P G College Lucknow) में स्वतंत्रता के अमृतकाल में संविधान के अंगीकरण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती का आयोजन बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। यह आयोजन केवल स्मरण का नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों से जोड़ने का भी एक सशक्त प्रयास रहा।

महाविद्यालय ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girl’s P G College Lucknow) की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुषमा देवी ने गांधी जी और शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया। इसी क्रम में उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की और संविधान की मूल भावना—समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व—को आत्मसात करने का आह्वान किया। इसके साथ ही पंडित दीन दयाल जी की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
समारोह का संचालन समारोहिका प्रो. (डॉ.) रीता अग्निहोत्री ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें छात्राओं ने गीता पाठ, गुरुग्रंथ साहिब का पाठ, बाइबिल का पाठ और कुरान का पाठ प्रस्तुत कर सांप्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात प्राध्यापकों और छात्राओं ने मिलकर भजन “वैष्णव जन तेने कहिए” का सामूहिक गायन कर गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी। छात्राओं ने विभिन्न गीतों एवं भाषण के माध्यम से महत्मा गांधी एवं शास्त्री जी को याद किया।

डॉ. स्मिता पांडे ने अपने वक्तव्य में गांधी जी के सत्य और अहिंसा के संदेश, शास्त्री जी की सादगी व उनके “जय जवान जय किसान” के उद्घोष तथा डॉ. अंबेडकर की संविधान-निर्माण यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे।
डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने अपने उद्बोधन में भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, उनके आदर्शों एवं जय जवान जय किसान के नारे की प्रासंगिकता पर विस्तृत चर्चा की। डॉ निशी मिश्रा ने अपने व्यक्तव्य में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं के उत्थान के लिए विभिन्न प्रयासों पर प्रकाश डाला और छात्राओं को जागरूक किया। डॉ विशाल वर्मा ने इस अवसर पर देशप्रेम से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर सभा को भावविभोर कर दिया।

महाविद्यालय ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girl’s P G College Lucknow) की NCC कैडेट्स, जो UP 19 गर्ल्स बटालियन से संबद्ध हैं, ने NCC प्रभारी डॉ. नेहा जैन के नेतृत्व में राजाजीपुरम स्थित जय जगत पार्क में स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत श्रमदान कर स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया। साथ ही NCC और रेंजर्स की छात्राओं ने प्रातः 7:30 बजे “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” विषय पर रैली निकालकर नागरिक जिम्मेदारी और संविधान के महत्व का प्रचार-प्रसार किया। इस रैली का संचालन डॉ. नेहा जैन एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पांडे ने किया।
इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना, मिशन शक्ति (फेज-5) और पंडित दीन दयाल उपाध्याय अवध सांस्कृतिक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता पर आधारित स्लोगन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन प्रो. (डॉ.) प्रीति वाजप्पे एवं डॉ. निशी मिश्रा ने किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्लोगनों ने सामाजिक चेतना और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुषमा देवी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और डॉ. अंबेडकर जैसी विभूतियों का जीवन हमें सादगी, सत्यनिष्ठा, सेवा और न्याय की राह दिखाता है। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संविधान की मूल भावना के संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन रामधुन के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति और राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर सम्पूर्ण महाविद्यालय परिवार ( Pt. Deen Dayal Upadhyay Govt. Girl’s P G College Lucknow) उपस्थित रहा।
trending video
