गोरखपुर, 19 मार्च ,वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय कंपियरगंज (Veer Bahadur Singh Government Degree College) में राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के समापन समारोह में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन सत्र का शुभारंभ प्राचार्य प्रो० रमेश चन्द्र वर्मा ने विद्या की देवी सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन कर किया।

Veer Bahadur Singh Government Degree College news : उन्होंने सुभाष चंद्र बोस इकाई के स्वयंसेवी उदय शर्मा और संजना यादव तथा भगत सिंह इकाई के स्वयंसेवी अमर कुमार और गीतांजलि को सर्वश्रेष्ठ शिविरार्थी के रूप में पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी सामाजिक सेवा और सामाजिक जागरूकता से उन्नत राष्ट्र के निर्माण में योगदान करते हैं।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ सुमित कुमार गुप्ता ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। किशोर नन्द ने शिविर में गत सात दिनों के कार्यक्रमों की आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इन सात दिनों में मतदाता जागरूकता, दीवारों पर जन जागरूकता हेतु लेखन कार्य, स्वच्छता कार्य, योग, स्वास्थ्य परीक्षण, विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, बौद्धिक सत्र में नियमित व्याख्यान और बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शिविरार्थी नेहा कुमारी, संजना पासवान और गीतांजलि ने साप्तदिवसीय शिविर के अनुभव साझा किए।

nss camp news : इस अवसर पर कशिश सिंह ने ‘शिव तांडव स्तोत्र’ और प्रतिभा कुमारी ने ‘आरंभ है प्रचंड’ पर आधारित नृत्य नाटिका की उत्कृष्ट प्रस्तुति से सबको अभिभूत कर दिया। रोशनी मौर्य, अंशु यादव, अमर कुमार, कौशल भारद्वाज, खुशबू सहानी, पल्लवी, उदय कुमार आदि ने गीत, भजन, भाषण, काव्यपाठ, नृत्य और लघुनाटिका प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर योगेन्द्रनाथ मिश्र ने एनएसएस गीत का समूह गायन कराया।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ० सुमित कुमार गुप्ता ने संचालन किया। विकास कुमार सोनकर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर डॉo शैलजा अस्थाना, डॉ० संजय गुप्त, संतोष कुमार, योगेन्द्र नाथ मिश्र, जितेन्द्र कुमार चौरसिया, बृजेश पाण्डेय, सरिता यादव और अनेक छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

