लखनऊ . रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यस्तरीय भव्य समारोह ‘मातृशक्ति को सम्मान’ में नवयुग कन्या महाविद्यालय, लखनऊ की छात्राओं ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मंच पर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह जी सहित जनपद के सभी माननीय सांसद एवं विधायकगण मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान वीरांगना एवं कुशल प्रशासिका लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी के अप्रतिम योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि लगभग 250 वर्ष पूर्व लोकमाता अहिल्याबाई ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, तीर्थों के जीर्णोद्धार और समाज कल्याण के जो आदर्श स्थापित किए थे, वर्तमान सरकार उन्हीं से प्रेरणा लेकर नारी सशक्तीकरण को आगे बढ़ा रही है। इसी दिशा में उन्होंने कामकाजी बहनों की सुरक्षा और गरिमापूर्ण आवास हेतु ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर शमहिला छात्रावास योजना’ का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कामकाजी महिलाएं सुरक्षित परिवेश में आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सांसदों एवं विधायकों ने शासन की इन जनकल्याणकारी पहलों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने भारतीय संस्कृति के शाश्वत श्लोक “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि जहाँ नारी का आदर और सत्कार होता है, वहीं समाज का वास्तविक कल्याण संभव है।
इस अवसर पर रक्षाबंधन के पावन पर्व को समर्पित दोहरी सौगात के रूप में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसके तहत प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की वरिष्ठ महिलाओं को रोडवेज बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा हेतु स्मार्ट कार्ड व स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, साथ ही रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं के लिए 3 दिवसीय निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त, समारोह में उपस्थित सभी लाभार्थियों एवं प्रतिभागियों को सुगम बस व्यवस्था के साथ साड़ी, मिष्ठान (मिठाई) एवं लंच पैकेट ससम्मान भेंट किए गए, जिस पर लाभार्थियों ने भावविभोर होकर शासन व प्रशासन के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।
इस महत्वपूर्ण राज्यस्तरीय आयोजन में नवयुग कन्या महाविद्यालय के छात्राओं के दल का कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन प्रो. सीमा पांडे, विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग तथा डॉ. सुनीता सिंह,रसायन विज्ञान विभाग द्वारा किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने अपना शुभकामना संदेश प्रेषित करते हुए कहा कि नारी सशक्तीकरण ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की रीढ़ है; ऐसी कल्याणकारी योजनाएं बेटियों में स्वावलंबन और सुरक्षा का नया संचार करती हैं। उन्होंने छात्राओं को इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता और कॉलेज का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करने के लिए हार्दिक बधाई दी। छात्राओं के लिए यह अनुभव अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और सामाजिक चेतना से परिपूर्ण रहा।
