

- गुब्बारे उड़ाकर एवम दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री सुश्री रजनी तिवारी ने किया।
- प्रतियोगिता का उद्देश्य किशोरियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना था।
लखनऊ, 28 अगस्त 2025: राष्ट्रीय खेल दिवस ( National Sports Day )के अवसर पर खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज मे कॉलेज, विज्ञान फाउंडेशन, सखी वन स्टॉप सेंटर, मिनिस्ट्री ऑफ वुमन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल के संयुक्त तत्वाvधान मे लखनऊ में दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में लखनऊ, प्रयागराज, चित्रकूट, अलीगढ़ और श्रावस्ती जिलों की बस्तियों से आई किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य किशोरियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना था। लखनऊ के अलग अलग महाविद्यालयों प्रमुख कॉलेज—खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज,अवध गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, नगर निगम पी जी कॉलेज, यूनिटी कॉलेज और गुरु नानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज—ने अपनी अपनी छात्राओं की टीम भेजकर आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

गुब्बारे उड़ाकर एवम दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री सुश्री रजनी तिवारी ने किया। उन्होंने कहा, “खेल न केवल शारीरिक रूप से हमें सशक्त बनाते हैं, बल्कि यह मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और आत्मबल भी विकसित करते हैं। इस प्रकार के आयोजन किशोरियों को एक सकारात्मक मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचान सकती हैं और आगे बढ़ने की प्रेरणा ले सकती हैं। राज्य सरकार हमेशा ऐसी पहलों को प्रोत्साहन देती रही है और देती रहेगी।”
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (SCPCR) की पूर्व सदस्या सुश्री सुचिता चतुर्वेदी ने भी उपस्थित होकर कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा, “इस तरह के आयोजन बालिकाओं के आत्मविकास, आत्मरक्षा और सामाजिक भागीदारी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह पहल किशोरियों को सम्मान, आत्मविश्वास और अवसर देती है—जो समाज में उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम है।”
खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान प्रथम दिन रेस, लॉन्ग जंप, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट , कैरम, जैसे खेलों में किशोरियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों में उत्साह और आत्मबल देखने योग्य था। आयोजन स्थल पर सिविल डिफेंस के प्रतिनिधि मनोज कुमार ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बालिकाओं को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहद प्रभावशाली हैं।

सखी वन स्टॉप सेंटर की सुश्री प्रभा वैश्य ने प्रतिभागी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल का आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक पहल है जो बेटियों को सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देती है।
कार्यक्रम के पहले दिन के समापन अवसर पर खुन खुन जी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अंशु केडिया ने कहा, “हमारे कॉलेज के परिसर में जो ऊर्जा, आत्मविश्वास और खुशी की लहर दौड़ी, वह अविस्मरणीय है। इस आयोजन ने यह सिद्ध किया कि हमारी बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने न केवल खेल में अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि अनुशासन और सहयोग का भी उदाहरण प्रस्तुत किया। मैं सभी सहयोगी संस्थाओं, आयोजकों, प्रबंधक, कॉलेज स्टाफ और विशेष रूप से इन किशोरियों को हृदय से धन्यवाद देती हूं। यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक संदेश था—कि हर लड़की को उड़ने के लिए पंख मिलें।”
इस अवसर पर खेल कूद का एक लोगो क्रियान्यम का भी मंत्री जी द्वारा उद्घाटन किया गया I हर घर तिरंगा की प्रतियोगिता के पुरस्कार भी वितरित किये I महाविद्यालय मे शारीरिक शिक्षा विभाग मे प्रो चेतना आनंद ने खेलकूद प्रतियोगिता का नेतृत्त्व किया I कार्यक्रम का संचालन डॉ अनामिका सिंह राठौर एवम आयोजन मे डॉ शगुन रोहतगी, डॉ विजेता dixit , डॉ प्रीति सिंधी, डॉ स्नेह लता, डॉ अपर्णा आदि ने सहयोग किया I महाविद्यालय मे प्रबंध तंत्र की तरफ से निरंजन शर्मा ने सभी का उत्साहवर्धन किया I
