
यूपीएससी में चयनित विद्यार्थी हुए सम्मानित
जबलपुर.मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विद्यार्थी कठोर परिश्रम, आत्म-विश्वास, एकाग्रता, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से बड़ी से बड़ी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों ने इस वर्ष लगभग दोगुनी संख्या में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा में चयनित होकर यह सिद्ध कर दिया है।
मुख्यमंत्री चौहान बुधवार को मिंटो हॉल सभा कक्ष में “सफलता के मंत्र” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या-पूजन से हुई। कार्यक्रम की विशेषता यह थी कि मंच पर सभी चयनित सफल विद्यार्थी आसीन थे।
तीन किस्म के होते हैं अधिकारी, आप कैसा बनना चाहेंगे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिविल सेवा और अन्य सेवाओं में तीन तरह के अधिकारी होते हैं। प्रथम जो रूटीन किस्म का कार्य करते हैं, दूसरे जो कार्य को अटकाने में विश्वास रखते हैं और तीसरे जो नियमों की परिधि में निर्णय भी लेते हैं और वांछित लक्ष्य की पूर्ति करते हुए कार्यों से हमेशा याद रखे जाते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आयएएस स्व. एम.एन बुच का स्मरण करते हुए उन्हें इस श्रेणी का अफसर बताया जिन्हें जनता हमेशा याद रखती है। इसलिए सिविल सर्विसेस में सकारात्मक एप्रोच की आवश्यकता होती है।
रूचि के अनुरूप चुनें कैरियर
चौहान ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी योग्यता और रूचि के अनुसार कैरियर चुनता है तो सफलता की संभावना बढ़ जाती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि सुरों में माहिर लता मंगेशकर जी को कोई सरकारी नौकरी का आग्रह करता तो यह बेतुकी बात होती। वे गायन में बेमिसाल हैं इसलिए उस क्षेत्र में आगे बढ़ी और बेहद कामयाब हुईं। मध्यप्रदेश के चयनित छात्र-छात्राएँ पूरी क्षमता के साथ राष्ट्र सेवा कर अपने चयन को सिद्ध करें।
मध्यप्रदेश सरकार ने बनाईं विद्यार्थी कल्याण की योजनाएँ
चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के कैरियर निर्माण के लिए अनेक योजनाएँ बनाई है। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के माध्यम से मेडिकल और इंजीनियरिंग की शिक्षा के साथ ही आईआईटी और आईआईएम के लिए चुने गये विद्यार्थियों की फीस भरने का कार्य किया है। इसके अलावा छात्रावास उपलब्ध न होने पर विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री छात्र गृह योजना में कमरे के किराये की राशि का भुगतान करवाया गया।
प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं -उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. यादव
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। इसी के परिणामस्वरूप अलीराजपुर, सिंगरौली, गुना, शिवपुरी, सतना सहित प्रदेश के हर क्षेत्र से युवाओं को यूपीएससी की परीक्षा में चयनित होने का अवसर मिला है।
कार्यक्रम को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भोपाल की जागृति अवस्थी, अलीराजपुर की राधिका गुप्ता, महिदपुर के ऋषभ रूनवाल ,खरगोन की निमिषी त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे।
