- द्वितीय चरण की आवंटन सूची जारी, स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 1.25 लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिला महाविद्यालय आवंटन
- 7 से 13 जून तक चलेगी प्रवेश शुल्क जमा करने की प्रक्रिया
भोपाल , 07 जून , प्रदेश के महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ई-प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए द्वितीय चरण की आवंटन सूची जारी कर दी गई है। इस चरण में प्रदेशभर के 1 लाख 25 हजार 917 विद्यार्थियों को विभिन्न महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए सीट आवंटित की गई है।
जारी सूची के अनुसार स्नातक (UG) स्तर पर 93 हजार 546 विद्यार्थियों तथा स्नातकोत्तर (PG) स्तर पर 32 हजार 371 विद्यार्थियों को महाविद्यालय आवंटित किए गए हैं।
द्वितीय चरण में महाविद्यालय आवंटित विद्यार्थियों को 7 से 13 जून 2026 के बीच निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। निर्धारित अवधि में प्रवेश शुल्क जमा नहीं करने की स्थिति में आवंटित सीट निरस्त हो जाएगी।
विभाग द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए शीघ्र प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। साथ ही आवंटन संबंधी जानकारी के लिए ई-प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से देखते रहें।
यह भी पढ़ें
